यात्री की हत्या करने वाला पुलिस गिरफ्त से दूर, तीन गए जेल
#परवेज़ अख्तर/सिवान:
23 अप्रैल को एसपी आवास के पीछे तथा थाना से महज दो सौ कदम की दूरी पर जिस यात्री की हत्या की गई थी उसकी पहचान जहां पुलिस ने कर ली वहीं घटना को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को भी पुलिस ने रविवार को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार जेल जाने वाले तीनों अपराधियों ने अपनी संलिप्तता कांड में स्वीकार की है, लेकिन इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपित व मृतक राजकुमार की हत्या करने वाला मुख्य अपराधी गोलू और उसके गैंग के तीन अन्य साथी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। रक्सौल के नगर थाना क्षेत्र के नवकाटोला निवासी राजकुमार यादव के सिर में गोलू ने गोली मारी थी। इस दौरान उसके साथ अन्य अपराधी भी थे। गोली लगने के बाद गोले के साथ आए अपराधी फरार हो गए जबकि दूसरे गिरोह में शामिल तीन अन्य अपराधी दूसरी तरफ फरार हो गए। जेल जाने वाले अपराधियों के पास से पुलिस ने मृतक राजकुमार का एक बैग जिसमें कपड़े और कागजात हैं उसे भी बरामद कर लिया है। साथ ही लूटपाट के दौरान इस्तेमाल किए गए एक पिस्टल और एक देशी कट्टा को भी जब्त किया गया है।
ज्ञात हो कि पकड़े गए तीनों अपराधियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद हिरासत में ले लिया था और उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। इस दौरान एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया भी गया और कइयों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
जेल जाने वाले तीनों अपराधियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुर्माबाद निवासी कृष्णा चौहान उर्फ बड़े जो दरौली थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव का निवासी हैं और वर्तमान में खुर्माबाद में अपने फूफा राजेश्वर चौहान के यहां रहता था। वहीं इसके साथ रईस साईं एवं पवन चौहान शामिल है।
एसपी नवीनचंद्र झा ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों युवक ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने
पहले युवक से लूटपाट की घटना को अंजाम देना चाहा, लेकिन युवक ने उसका विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार लूट की घटना को अंजाम देते हुए फरार हो गए। एसपी ने तीनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास के बारे में बताया कि कृष्णा चौहान उर्फ बड़े इसके पहले तीन बार जेल जा चुका है। एक नगर थाना तथा एक उत्तर प्रदेश में चोरी मामले में जेल भेजा गया है एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप अतिक्रमण हटाने के दौरान एसडीओ पर हमला के मामले में भी जेल जा चुका है। रईस साईं गोपालगंज में चोरी मामले में जेल जा चुका है तथा पवन चौहान कृष्णा के साथ चोरी मामले में यूपी में जेल जा चुका है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधी कृष्णा चौहान उर्फ बड़े के इशारे पर इनके पास से एक देशी कट्टा एवं दो गोली बरामद हुई। हालांकि यह हथियार घटना में प्रयुक्त नहीं किया गया था। कृष्णा ने बताया कि इस हथियार को गोली मारने वाला युवक दिया था।