
मांझी। यूपी की सीमा पर मांझी स्थित जयप्रभा सेतु से होकर अथवा नदी के रास्ते बिहार में शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस व प्रशासन ने मुहिम तेज कर दी है। सोमवार को मांझी पहुंचे सारण के डीएम राजेश मीणा तथा एसपी संतोष कुमार ने मांझी पहुंचकर शराब तस्करी रोकने की दिशा में स्थानीय पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया। पदाधिकारी द्वय ने बताया कि कारोबारी अब मांझी होकर सारण जिले में शराब नहीं पहुंचा सकेंगे। जयप्रभा सेतु स्थित अर्ध निर्मित चेक पोस्ट भवन का निर्माण कार्य पूरा कर उत्पाद विभाग की टीम के ठहराव की ब्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा सारण जिला पुलिस एवं उत्पाद विभाग की टीम नाव से नदी में भी सघन गश्ती करेगी। अधिकारियों ने इसके लिए रणनीति बना ली है। पदाधिकारी द्वय ने बताया कि जयप्रभा सेतु पर बने उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट को जरूरी उपकरण के साथ लैश किया जाएगा। चेक पोस्ट पर जिला पुलिस एवं उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर निगरानी कराई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस दो मोटर बोट से नदी में गश्ती करेगी। इस दौरान बिहार की सीमा में शराब पहुंचाने वालों पर कड़ी नजर होगी।
वरीय अधिकारियों द्वारा बनाई गई नई रणनीति से कारोबारियों में दहशत ब्याप्त है।




Recent Comments