सरयू नदी के सोनासती घाट पर दिखा मगरमच्छ,खबर से क्षेत्र में हड़कंप
मांझी (सारण) । रविवार की सुबह सरयू नदी के सोनासती घाट पर मगरमच्छ देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कम्प मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह में कुछ स्थानीय लोग किनारे टहल रहे थे। जबकि कुछ युवक नदी में स्नान कर रहे थे। तभी पानी की धारा के विपरीत पूरब से पश्चिम दिशा की ओर तैरते हुए जा रहे एक विशाल मगरमच्छ पर लोगों की नजर पड़ी तो वे चिल्लाने लगे। उनके चिल्लाने पर नदी में स्नान कर रहे युवक व बच्चे जल्दी से पानी से निकल कर बाहर भाग खड़े हुए। नदी में मगरमच्छ दिखने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग किनारे जमा हो गए। तब तक वह ओझल हो चुका था। मगरमच्छ दिखने के बाद लोगों में दहशत व्याप्त है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को नदी के किनारे जाते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि नदी में मगरमच्छ देखे जाने की पुष्टि नही हुई है। मगर ऐसा हो सकता है। बरसात के समय अथवा जल-स्तर बढ़ने पर नदी में कई छोटे-बड़े जलीय जीव एक हिस्से से दूसरे हिस्से में पहुंच जाते हैं। नदी के किनारे कई जगहों पर भयंकर गड्ढ़े भी बन गए हैं। इसलिए लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने बच्चों को अकेले किनारे न जाने दें और खुद भी सावधानी बरतें।




Recent Comments