समस्तीपुर:बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार युवक को उतारा मौत के घाट
न्यूज़ इनपुट- केशव बाबू

मुसरीघरारी
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी. क्षेत्र में तुरंत सनसनी फैल गयी. उक्त वारदात गंगापुर के समीप एनएच 28 स्थित एक लाइन होटल पर शुक्रवार की शाम में घटित हुई है. वहां लाइन होटल पर खाना खा रहे एक युवक की बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है.
घटना के संबंध में बताया गया है कि थाना क्षेत्र के फतेहपुर टोला निवासी श्याम सिंह का पुत्र राजीव कुमार संध्या करीब पांच बजे रॉयल ढाबा के पीछे बैठकर कुछ खा रहा था. इसी क्रम में पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और राजीव को टारगेट कर फायरिंग शुरू कर दी.
इसमें एक गोली राजीव के आंख के समीप लगी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया. सूत्रों ने बताया कि मृतक दारू कारोबारी था. हत्या का कारण रुपये का लेन-देन बताया गया है. बहरहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है.इधर डीएसपी मो. तनवीर ने कहा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. लाश को पुलिस ने अपने कब्जे में करके उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस पहुंचकर अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी हुई है.