छपरा, 06 मई।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना की आर्थिक अपराध इकाई द्वारा सुपौल सहित राज्य के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। जिसमें उनके पैतृक घर सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवईनियां गांव में भी हुई है। बिहार के सुपौल में पदस्थापित रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ पांच ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के बाद की गई है। पटना से पहुंचे आर्थिक अपराध इकाई के डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने जवईनियां स्थित उनके पैतृक आवास पर करीब सवा दो घंटे तक गहन जांच- पड़ताल की है। इस दौरान मढ़ौरा और गौरा थाने की पुलिस के साथ- साथ आर्ट की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।

आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुनील कुमार ने बताया कि पटना की टीम ने सुपौल, पटना और सारण जिले के जवईनियां गांव सहित कुल पांच स्थानों पर एक साथ दबिश दी है। हालांकि पैतृक घर से कोई विशेष बरामदगी नहीं होने की बात सामने आई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरेंद्र कुमार का गांव में आना- जाना काफी कम रहता है। जबकि अन्य ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी मिलने की सूचना मिल रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। इओयू के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। साथ ही सभी जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, EOU की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।