कार्य का जायजा लेते विभागीय अधिकारी गण

सोनपुर, 8 जुलाई। सबलपुर में गंगा कटाव से बचाव के लिए चल रहे बोल्डर पिचिंग एवं कटावरोधी कार्यों का बुधवार को जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में उच्चस्तरीय दल ने स्थलीय निरीक्षण किया। दल में अभियंता प्रमुख वरुण कुमार, मुख्य अभियंता गोपालगंज परिक्षेत्र प्रमोद कुमार, फ्लड फाइटिंग के चेयरमैन नवल किशोर सिंह, अधीक्षण अभियंता दिनेश कुमार, कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार प्रभाकर, सहायक अभियंता धर्मेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता सारण, एडीएमओ सारण, अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर स्निग्धा नेहा, डीसीएलआर तथा अंचलाधिकारी राज कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लूप संख्या 259 मीटर, 164मीटर, 163 मीटर, 291 मीटर, 70 मीटर , 30 मीटर, 87 मीटर, 71 मीटर एवं 60 मीटर पर कार्य प्रगति पर है। शेष लूपों पर कार्य में तेजी लाने के लिए संवेदक एम.एस.ए. कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पवन मिश्रा को मजदूरों की संख्या 140 से बढ़ाकर 350 करने तथा 18 जुलाई तक बोल्डर पिचिंग की चारों परतें पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता, शिथिलता एवं संसाधनों की कमी को लेकर अपनी चिंताएँ व्यक्त कीं और डाउनस्ट्रीम के अन्य लूपों के निरीक्षण की मांग की। प्रधान सचिव ने शीघ्र ही पुनः क्षेत्र का दौरा करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने अपस्ट्रीम के सर्वाधिक संवेदनशील 164 मीटर लूप पर अविलंब कार्य प्रारंभ करने की भी मांग की।

विभागीय अधिकारियों एवं संवेदक ने स्थानीय लोगों से बोल्डर पिचिंग कार्य हेतु मजदूर उपलब्ध कराने में सहयोग का आग्रह किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, रिंग बांध निर्माण समिति के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया शाहपुर धर्मेन्द्र राय, समिति के उपाध्यक्ष सह भाजपा सोनपुर दक्षिणी मंडल के महामंत्री अविनाश कुमार, भाई भोला, रघुवीर राय तथा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।