शराब तस्करों ने भागने के दौरान पुलिस जवान को रौंदा, मौत
परवेज अख़्तर/सिवान। सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव में शनिवार की अलसुबह शराब तस्करों ने भागने के दौरान बीएमपी जवान को कुचल दिया, जिसे घटनास्थल पर ही जवान की मौत हो गई। घटना के बाद शराब तस्कर फरार होने में सफल रहे। स्थानीय पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जहां डाक्टर ने जवान को मृत घोषित कर दिया। बीएमएपी जवान सराय थाना में पदस्थापित थे। मृत जवान की पहचान रोहतास जिले के अमरेर थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी सह बीएमएपी -टू डेहरी जवान 762 मधुप कुमार के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस ने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत की जानकारी दी है। सूचना प्रेषण तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही थी और मामले में प्राथमिकी नहीं हो सकी थी। जानकारी के अनुसार सराय थाना की पुलिस अपने सरकारी वाहन से शराब तस्करों को पकड़ने के लिए पीछा कर रही थी, तभी बीएमएपी जवान ने सड़क पर खड़ा होकर वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन तेज रफ्तार वाहन के चालक ने जवान को कुचल दिया। घटना के सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजू कुमार, नगर इंस्पेक्टर विजय कुमार चौधरी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। मृत जवान के बड़े भाई दिलीप ने सिवान पुलिस टीम पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शनिवार की सुबह सात बजे मधुप कुमार के साथी जवान ने फोन किया कि एक घटना में उसकी मौत हो गई। जब हमलोग सिवान पुलिस ने बात किए तो कभी शराब का पीछा करने तो तभी कोहरा होने से घटना बताया जा रहा था। मेरे भाई की एक साजिश के तहत हत्या की गई है, वह एक माह पूर्व सिवान आया था। जब सराय थाना में गया तो उसे कई परेशान हो रही थी, जिसकी शिकायत उसने की थी। इसके बाद उसे अलग जगह पर एक कमरा दिया गया। बताया कि मेरे भाई की शादी नहीं हुई थी। 31 दिसंबर के बाद वह गया जी जिला चला जाता। मामले में एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मुफ्फसिल थाना अंतर्गत ड्यूटी के दौरान सराय थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मियों द्वारा की जा रही कार्रवाई के क्रम में एक संदिग्ध गाड़ी का पीछा किया जा रहा था। कोहरा होने के कारण संदिग्ध गाड़ी भागने में सफल रही। इसके बाद टीम ग्राम छोटपुर में जाकिर साईं के घर के समीप गाड़ी को मोड़ रही थी तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने जवान को धक्का मार दिया और चालक फरार हो गया। अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है। उक्त गाड़ी में शराब तस्कर थे या नहीं यह गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।




Recent Comments