परवेज अख्तर/सीवान।जीबी नगर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के चंवर स्थित खाड़ी के पास ददवा पुल के नीचे पानी से शनिवार की दोपहर चोकर के बोरा में बंद दो शव को पुलिस ने बरामद किया। दोनों शव की गला रेत निर्मम हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। देर शाम तक दोनों शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, मृत युवकों की उम्र 30 के करीब थी। इधर घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह अपने-अपने दल बल के साथ पहुंच गए। वहीं पुलिस जांच में जुट गई है। घटना को लेकर लोगों में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म था। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल सुनसान क्षेत्र है। जिससे लोगो को यहां आना जाना कम रहता है। शनिवार की दोपहर जब ग्रामीण खेत में काम करने आये तो पुल के नीचे दो बोरा में बंद शव को देख कर इसकी सूचना गांव व स्थानीय पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिहिर कुमार, अवर निरीक्षक आशुतोष रंजन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर शव को बोरे से निकाल कर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।