• शव की पहचान आलमपुर के चर्चित पटाखा व्यवसाई आजाद व गोपालगंज के अनिल कुमार राम के रूप में हुई

परवेज अख्तर/सीवान। जीबी नगर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के चंवर स्थित खाड़ी के पास ददवा पुल के नीचे पानी से 13 दिसंबर की दोपहर चोकर के बोरा में बंद दो शव को पुलिस ने बरामद किया। दोनों शव की गला रेत निर्मम हत्या की गई थी। हालांकि दोनों शव की पहचान नहीं हो पाई थी। दोनों शव का पोस्टमार्टम करा कर सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा गया था। वहीं घटना के बाद डीआजी व एसपी ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच की थी। इधर दोनों के स्वजन रविवार की दोपहर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां शव की पहचान होने के बाद दहाड़ मार कर रोने लगे। मृत जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी आजाद उर्फ आफताब एवं गोपालगंज के सरेया गांव निवासी अनिल कुमार राम था, दोनों दोस्त थे। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों के स्वजनों से जानकारी ली। पूछताछ के दौरान स्पष्ट हुआ कि मृत आज़ाद का अवैध संबंध था, इसको लेकर घर में विवाद भी था। घटना के संबंध में आजाद के स्वजन सद्दाम हुसैन ने बताया शुक्रवार को आजाद अपने दोस्त अनिल राम के साथ घर पर खाना खाए थे। दोनों दोस्त साथ में ही घर से निकले, शाम तक बात हुई। उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया। आसपास सहित सभी जगह पर इस संबंध में जानकारी ली गई लेकिन किसी को कुछ नहीं पता था। रविवार की सुबह जानकारी मिली की सदर अस्पताल में एक साथ दो शव का पोस्टमार्टम कर रखा गया है। मृत आजाद गांव में ही शादी विवाह में पटाखा छोड़ने का टेंडर लेता था। जबकि उसका दोस्त बाइक मिस्त्री था और ठेकेदारी का भी काम करता था,दोनों के बीच गहरी दोस्ती थीं। —