वैशाली :विद्युत विभाग ने रेल सुरक्षा बल को तीन रन से हराकर टूर्नामेंट पर जमाया कब्जा
#अभिषेक कुमार 
हाजीपुर 
 रेलवे स्टेडियम में बीते 21 दिसंबर से चल रहे अतंर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल व रोमांचक मुकाबले में विद्युत विभाग ने रेल सुरक्षा बल को तीन रन से हराकर टूर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया। कड़ाके की ठंड के बाद भी मैच को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। रेल सुरक्षा बल की टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। विद्युत विभाग की टीम के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवरों में 127 रन बनाए। इस टीम के विकास रंजन ने 37 और चंदन पांडेय ने 34 रन बनाए। उन्होंने टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरी ओर जबाब में खेलने उतरी रेल सुरक्षा बल की टीम का प्रदर्शन बेहतर रहा। बावजूद इसके टीम निर्धारित 20 ओवर में 124 रन ही बना सकी। इस टीम के अमन कुमार 42 और चंदन सहनी ने 35 रन बनाये। विद्युत विभाग के राहुल मिश्रा ने 4 और विकास रंजन ने 2 विकेट लिए। वहीं आरपीएफ के चंदन सहनी ने तीन विकेट हासिल किए।सोनपुर मंडल रेल प्रशासन के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन एडीआरएम पीके सिन्हां ने किया। उन्होंने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं चंदन सहनी को मैन ऑफ द मैच, संजय सहनी को बेस्ट बॉलर, विकास रंजन को बेस्ट बैट्स मैन, शमशेर आलम को उभरते हुए खिलाड़ी के विशेषण से नवाजा गया। इसके पूर्व सीनियर डीपीओ अजीत कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त कुमार सुरेन्द्र शर्मा, सीनियर डीएमई नीतीन कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश समेत अनेक अधिकारी और गण- मान्य लोग उपस्थित थे।