
दैनिक खोज खबर/पानापुर सारण।खरीफ फसलों की बेहतर खेती एवं कृषि योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग तथा जैविक कृषि के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सत्यम ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षण, किसान परिभ्रमण एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक खादों के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही ढैंचा, दलहनी फसलों, मशरूम, ड्रैगन फ्रूट एवं मोती उत्पादन जैसे वैकल्पिक कृषि व्यवसायों से अतिरिक्त आय अर्जित करने के तरीके बताए। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार झा ने किसानों को खरीफ मौसम के लिए उपलब्ध विभिन्न बीजों की जानकारी देते हुए समय पर बुआई और प्रमाणित बीजों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान उत्पादन और आमदनी दोनों बढ़ा सकते हैं। प्रखंड उद्यान पदाधिकारी बबलू कुमार ने बिहार कृषि ऐप के माध्यम से उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई। वहीं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी नीतीश कुमार ने सहकारिता विभाग की योजनाओं एवं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
कृषि समन्वयक उदय शंकर सिंह ने फसल चक्र अपनाने, उन्नत किस्म के बीजों के चयन तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के कर्मियों, किसान सलाहकारों एवं प्रखंड के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। किसानों ने प्रशिक्षण में मिली जानकारियों को खेती में अपनाने की बात कही।




Recent Comments