बिहार विधानमंडल में प्रबोधन कार्यक्रम –
विभूतियों के नेतृत्व और गौरवशाली कार्यकलापों का गवाह रहा है बिहार विधानमंडल – रुडी
• लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया
• राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत दोनों उप मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
• संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) से सांसद रुडी का व्याख्यान
• हर साल प्रशिक्षुओं के एक सत्र को पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री रुडी करते है संबोधित
पटना, 17 फरवरी, 2022 । जहां एक नियत समय में राज्य को सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक स्थितियों को लोकतांत्रिक सांचे में ढालने का काम किया गया, जो राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर, डॉ श्री कृष्ण सिंह, सच्चिदानंद सिन्हा, अनुग्रह नारायण सिंह, कर्पूरी ठाकुर, जैसे विभूतियों के नेतृत्व और गौरवशाली कार्यकलापों का गवाह रहा है, वह है बिहार विधानमंडल भवन। आज बिहार विधानसभा के स्थापना दिवस पर इसी भवन के सेंट्रल हॉल में मुझे सदस्यों को संबोधित करने का अवसर मिला जो मेरे लिए गौरव की बात है। बिहार विधानमंडल के प्रबोधन कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के क्रम में सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने उक्त बातें कही। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत दोनों उप मुख्यमंत्री ने संबोधित किया। श्री रुडी ने लोकसभा के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) की ओर से संसदीय प्रश्न, बजट प्रक्रिया एवं विधेयक का व्यवस्थापन विषय पर व्याख्यान दिया।
लोक सभा सचिवालय के एक आवश्यक अंग के रुप में 1 जनवरी 1976 को संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) की स्थापना सांसदों, संसदीय कर्मचारियों और अन्यों को संसदीय संस्थाओं, प्रक्रिया एवं कार्यविधियों संबंधी विविध विषयों में व्यवस्थित प्रशिक्षण के लिए किया गया था। पूर्व में इसे बीपीएसटी के नाम से भी जाना जाता था। विधानमंडल के अपने व्याख्यान में सांसद श्री रुडी ने संसदीय कार्य प्रणाली, प्रश्नकाल, सदन में चर्चा और अन्य विधायी कार्यों पर चर्चा की। विदित हो कि व सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री रुडी साल 1990 में 26 वर्ष की उम्र में तरैया विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा सभा का सदस्य निर्वाचित हुए थे। रुडी दो बार राज्य सभा के भी सदस्य रहे है लोकसभा के लिए चौथी बार चुने गये है और वर्तमान सारण लोकसभा क्षेत्र से सांसद है। श्री रुडी समय-समय पर प्राइड में प्रशिक्षुओं के एक सत्र को संबोधित करते रहते है। अपने व्याख्यान में श्री रुडी ने यह कहते हुए विधायी कार्यों पर चर्चा शुरू की कि भारतीय लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने में बिहार विधानमंडल, उसके सदस्यों और संबद्ध अधिकारियों की महती भूमिका रही है।