मांझी। शुक्रवार को बलिया के भाजपा सांसद बीरेन्द्र सिंह मस्त विधिवत पूजन कर जयप्रभा सेतु के ऊपर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे। शुक्रवार से ही सेतु पर भारी वाहनों का आवागमन ठप हो जाएगा। सड़क निर्माण करने वाली लखनऊ की मित्तल कम्पनी के कर्मचारियों का आना शुरू हो गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को बैरियर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। और बड़े तथा भारी वाहनों के आने जाने पर पूरी तरह रोक लग जायेगी। हालांकि छोटे वाहन कार ट्रैक्टर आदि आ जा सकेंगे। सबसे पहले जर्जर सड़क को एक तरफ से उखाड़ा जाएगा ताकि आवागमन चलता रहे। दूसरे चरण में सड़क उखाड़ने के साथ साथ पहले चरण की सड़क ढलाई का काम भी शुरू हो जाएगा। तीन महीने में सड़क निर्माण तथा टूटे रेलिंग व गार्डर की मरम्मति का काम पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है। आवागमन ठप होने खबरों के बाद ट्रक संचालकों में अफरातफरी का माहौल देखा जा रहा है। भारी वाहनों का आवागमन ठप होने से दोनों प्रदेश के समीपवर्ती बाजार व ब्यवसाय पर विपरीत असर पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि इस अवधि में छोटे वाहनों की चांदी रहेगी। जर्जर जय प्रभा सेतु के निर्माण प्रक्रिया शुरू होने से महीनों से इस मांग को लेकर आंदोलन रत स्थानीय अनुभव जिंदगी का सोशल मीडिया के सदस्यों सहित सीमावर्ती दोनों प्रदेशों के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।