
परवेज अख्तर।
दैनिक खोज खबर/सिवान।लोक अदालत भवन परिसर में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का कार्य जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम राकेश कुमार पांडेय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम उमाशंकर, विशेष न्यायाधीश (एक्साइज एक्ट) राजेश कुमार द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव सुनील कुमार सिंह, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कमलेश कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने बताया कि 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों जैसे बैंक ऋण मामले, विद्युत एवं दूरसंचार संबंधी वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, पारिवारिक वाद, राजस्व संबंधी वाद एवं अन्य सुलहनीय आपराधिक मामलों का निष्पादन आपसी सुलह के आधार पर किया जाएगा। न्यायिक पदाधिकारियों ने बताया कि प्रचार वाहन सिवान से आरंभ विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जागरूक करेंगे तथा अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने हेतु प्रेरित करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने लंबित वादों का सुलह के माध्यम से त्वरित एवं सुलभ निपटारा कर इस अवसर का लाभ उठाएं।




Recent Comments