दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। जनता दल (यू) के संगठनात्मक चुनाव के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों में अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न कराया गया। अधिकांश स्थानों पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कई प्रखंडों में अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। हालांकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त प्रतिवेदन एवं पर्यवेक्षकों की अनुशंसा के आधार पर मशरक समेत चार प्रखंडों में चुनाव रद्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार जलालपुर, तरैया, इसुआपुर और मशरक प्रखंड में संगठनात्मक प्रक्रिया को लेकर उठी आपत्तियों के बाद यह निर्णय लिया गया।इसकी सूचना प्रदेश कार्यालय को भेज दी गई है। बताया जाता है कि जिले में 21 से 23 फरवरी तक चले चुनाव की देखरेख निर्वाचन पदाधिकारी आनंद किशोर सिंह एवं जिला निर्वाचन पर्यवेक्षक प्रमोद कुमार पटेल द्वारा की गई। 16 प्रखंडों और एक नगर क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ तथा वहां अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। मशरक प्रखंड में चुनाव रद्द होने की खबर से स्थानीय कार्यकर्ताओं में हलचल है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व के निर्देश के बाद नई तिथि घोषित कर पुनः चुनाव कराया जाएगा।पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संगठनात्मक चुनाव पार्टी संविधान एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही संपन्न कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।