• घर घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी आशा व सेविका

मढ़ौरा। पोलियो उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे अभियान का हिस्सा बने और अपने बच्चों की पोलियो की खुराक दिलाना ना भूलें। उक्त बातें स्थानीय रेफरल अस्पताल के डॉ राजीव रंजन ने रविवार को पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 5 वर्ष से कम आयु के अपने बच्चों को पोलियो की सभी खुराक समय पर दिलवाएँ। स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए “दो बूंद जिंदगी की” जरूरी है। सजग बने पोलियो को लौटने का मौका न दें और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएं । अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सेविका घर-घर जाकर शून्य से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसको लेकर माइक्रो प्लान भी तैयार किया गया है। माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान को सफल बनाया जाएगा। साथ ही इन कर्मियों की मानिटरिंग एवं अभियान का सफल संचालन के लिए सुपरवाइजर एवं माॅनीटर की तैनाती की गई है। अभियान के दौरान इस बात का ख्याल रखा जाएगा कि एक भी बच्चा पोलियो की दो बूँद दवा पीने से छूटे नहीं।
इस मौके पर डॉ राजीव रंजन, बीएचएम सुशील कुमार गौतम, बीएमसी मिथिलेश कुमार, एएनएम कुमारी कंचन सिंहा, एएनएम मधुलिका कुमारी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।