मुजफ्फरपुर: अहियापुर में युवक को गोली मारकर गड्ढे में फेंका
👉 दैनिक खोज खबर उप प्रबंध संपादक- अतुलकश्यप की रिपोर्ट:-मुजफ्फरपुर अहियापुर थाना क्षेत्र के संगमघाट पुल के समीप शुक्रवार की रात अपराधियों ने गोली मारकर युवक को एक गड्ढे में फेंक दिया। आवाज सुनकर लोगों ने शोर मचाया तो अपराधी भाग निकले। 
थानेदार विजय कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जख्मी को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देख पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि दो गोली सीने में लगी है। जख्मी की पहचान चेतन कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मोतिहारी का रहने वाला है। पिता ने दो शादी की है। एक मोतिहारी व दूसरी हथौड़ी में।
दो दोस्त झांसा देकर लाए : पूछताछ में पता लगा कि वह बाइक पर अपने दो साथियों के साथ आया था। नदी किनारे होते हुए उसे यहां लाकर गोली मारी गई। दोनों साथियों का घटना के बाद कोई पता नहीं लगा है। पुलिस आशंका जता रही है कि उन्हीं दोनों ने गोली मारी होगी।
आपसी रंजिश की आशंका :प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। इधर, गोली लगने के बाद जब स्थानीय लोग उसके समीप पहुंचे तो उसने कहा कि घर से ठग कर लाया था। इसके बाद वह बेहोश हो गया। हत्या की नीयत से ही गोली मारी गई है।
दो बार जा चुका जेल : कहा जा रहा कि जख्मी के पिता की दो वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। इसके बाद चेतन नौकरी की तैयारी में जुट गया। कुछ दिनों से वह पढ़ाई छोड़ चुका था। पुलिस का कहना है कि उसकी गतिविधि संदिग्ध है। मोतिहारी से वह दो बार किसी मामले में जेल जा चुका है। इसके लिए वहां की पुलिस से संपर्क कर सत्यापन किया जा रहा है।