
मांझी रेल पुल व जय प्रभा सेतु के समीप नदी के तेज धार से हो रहे कटाव के रोकथाम का प्रयास शुरू
मांझी(सारण) : सरयू नदी की तेज धारा के कारण प्रखंड के मटियार एवम डुमरी पंचायत तथा मांझी रेल पुल व जय प्रभा सेतु के समीप हो रहे जबरदस्त कटाव ने आम लोगों के साथ साथ प्रशासन की नींद हराम कर दी है। मांझी रेलपुल के समीप राम घाट से लेकर जय प्रभा सेतु के दो सौ मीटर पूरब तक लगातार कटाव हो रहा है। नदी की घुमावदार धारा से लगातार मिट्टी कटकर सरयू में विलीन हो रही है। दोनो पुलों के मुहानों के समीप की मिट्टी कटने से बोल्डर पीचिंग का भाग भी ध्वस्त हो रहा है।और मुहानों पर खतरा बढ़ गया है। यहां दर्जन भर मजदूर विभागीय इंजीनियर की देख रेख में काम में लगे हुए हैं। उधर मटियार तिवारी टोला के सामने का कटाव गांव के समीप तक पहुंच गया है। सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि नदी में समा चुकी हैं। सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि तिवारी टोला के समीप कटाव की रोकथाम के लिए बेरिकेटिंग का काम चल रहा है तथा गांव के पश्चिम पुलिया के पास बांध के घ्वस्त भाग का पुनर्निर्माण कर दिया गया है। इसके अलावा डुमरी से घोरहट के बीच लगभग दो किमी की लंबाई में लगातार कटाव हो रहा है। यहां की सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि सरयू में विलीन हो चुकी हैं तथा यह क्रम जारी है। मुखिया संजीत साह ने बताया कि कटाव रोकने की दिशा में अबतक पहल शुरू नही की गई है जबकि कटाव गांव के पश्चिम बांध के समीप सट गया है। कटाव की गम्भीरता को देखते हुए छपरा सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा तथा सीओ दिलीप कुमार की देखरेख में जलसंसाधन विभाग की टीम ने यद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय मुखिया जय प्रकाश महतो भी लगातार कैम्प कर रहे हैं। कटाव वाले स्थानों पर मिट्टी भरी बोरियों को जाल में भरकर बेरिकेटिंग किया जा रहा है। कहीं कहीं पैकेट पीचिंग कर कटाव को कमजोर किया जा रहा है। कटाव के मद्देनजर रोकथाम में बेहतरी के लिए जदयू नेता निरंजन सिंह ने सारण के डीएम सुब्रत सेन से कटाव स्थल का दौरा करने का आग्रह किया है।




Recent Comments