फर्जीवाड़ा : www.aunrihar.in नाम के वेबसाइट पर औडिहार डेमू शेड में सीधी भर्ती प्रक्रिया का प्रलोभन देकर ऑनलाइन ठगी से पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने आमजनों को किया सतर्क

वाराणसी;(19 जुलाई 2019): बहाली को लेकर फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के ठगने की जानकारी संज्ञान में आने पर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने एक प्रेस नोट जारी कर लोगो से सावधानी बरतने की अपील की है।जिसमे कहा गया है कि- सर्व साधारण एवं रेलवे में भर्ती के इच्छुक नागरिकों को सूचित किया जाता है कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत स्थापित औडिहार डेमू शेड में नियुक्ति हेतु कोई अधिसूचना अथवा विज्ञापन नहीं जारी किया गया है ।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ अराजक तत्वों/व्यक्तियों के रैकेट द्वारा www.aunrihar.in के नाम से एक फर्जी वेबसाइट बनाई गयी है जिसमें औडिहार डेमू शेड में सीधी भर्ती प्रक्रिया का प्रलोभन देकर आन लाइन भुगतान की भी मांग की जा रही है ।
ज्ञातव्य हो की पूर्वोत्तर रेलवे के किसी भी मंडल में कोई भी भर्ती मुख्यालय गोरखपुर रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड तथा रेलवे रिक्रूटमेंट सेल के माध्यम से ही किया जाता है । पूर्वोत्तर रेलवे से ऐसी कोई भी अधिसूचना या सीधी भर्ती का विज्ञापन “औडिहार डेमू शेड “ के सन्दर्भ में नहीं जारी किया गया है । उक्त फर्जी वेबसाइट के विरुद्ध वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी,वाराणसी श्री राहुल श्रीवास्तव द्वारा जालसाजी एवं आई.टी. एक्ट के अंतर्गत वाराणसी जिले के सिगरा थाने में कल दिनांक-17/07/19 को प्रथम सुचना रिपोर्ट संख्या-0419 दर्ज करवा दी है ।
रेलवे में भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील है कि वे इस प्रकार की फर्जी वेबसाइट के झांसे में न आयें तथा किसी भी अधिसूचना कि अधिकारिक पुष्टि के उपरांत ही आवेदन शुल्क जमा करें । याद रखें केवल योग्यता ही आपको रेलवे में नौकरी दिला सकती है । कोई भी रेलवे वेकेंसी भरते समय बहुत सावधानी बरतें , रेलवे में नौकरी पाने के लिए बिचौलियों दलालों और फर्जी जाब रैकेटों के झांसे में आकर अपनी मेहनत कि कमाई को व्यर्थ न गवाँए । रेलवे कि नियुक्ति प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाती है अतः रेलवे में चयन के लिए हमेशा सही मार्ग चुने ।
सावधानियां :- रेल भर्ती बोर्ड परीक्षाओं में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत है और पुर्णतः उम्मीदवारों के योग्यता पर आधारित है । रेलवे भर्ती बोर्ड कभी भी एजेंटों अथवा कोचिंग सेन्टरों को अपने लिए कार्य करने हेतु नामित नहीं करता है । केवल रेल भर्ती बोर्ड कि अधिकारिक वेबसाइट और रेल भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न समाचार पत्रों/ रोजगार समाचार पत्र में प्रकाशित विज्ञापन पर ही विश्वास करें । दलालों और जाब रेकेटर्स से सावधान रहें जो आपसे रेलवे में किसी प्रभाव से या फिर दुसरे अनुचित माध्यम से नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके आपको धोखा देने का प्रयास करते हैं । रेलवे भर्ती बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट से मिलती-जुलती वेबसाईटो से सावधान रहें ।
कोई भी संदेह होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएँ । शंकाओ के निवारण एवं दिशा-निर्देश के लिए रेलवे हेल्प लाइन नम्बरों का प्रयोग करें ।उक्त जानकारी जन संपर्क अधिकारी/वाराणसी महेश गुप्ता द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।