
दैनिक खोज खबर/मधेपुरा। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली के सहयोग से सम्पूर्ण मानव कल्याण अध्यात्म सेवा समिति फुलडोभी, कटिहार द्वारा मधेपुरा जिला अंतर्गत जनता उच्च विद्यालय, चौसा के प्रांगण में 17वें काउंटडाउन के अंतर्गत ‘योग महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व और सफल समन्वयन समिति के जिला संयोजक, साहित्यकार सह शिक्षक संजय कुमार सुमन ने किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि कुंदन कुमार बंटी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस महोत्सव के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है। यह संपूर्ण मानवता को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं और आमजन से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिकल साइंस, नारायणपुर के प्राचार्य डॉ. सुभाष कुमार विद्यार्थी और मैटी अल्टरनेटिव मेडिकल कौंसिल, नई दिल्ली के उप निदेशक डॉ. पुष्पराज कुमार की विशिष्ट उपस्थिति रही। डॉ. विद्यार्थी ने कहा कि योग और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर कई तरह की शारीरिक और मानसिक बीमारियों से बचा जा सकता है। जिला संयोजक संजय कुमार सुमन ने योग को चरित्र निर्माण और मानसिक विकास का आधार बताया।महोत्सव में लगभग 850 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित लोगों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, त्रिकोणासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति सहित कई आसनों व प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। मंच संचालन संजय कुमार सुमन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष दीपक कुमार उर्फ स्वामी दीपक प्रेमशंकर द्वारा किया गया।
__




Recent Comments