मांझी(सारण) । प्रखंड के मदन साठ गांव के लोग गांव में हुए जल जमाव के कारण पिछले दो माह से नारकीय जिंदगी जीने को मजबूर हैं। गांव के उमेश सिंह अरविंद सिंह आदि लोगों ने बताया कि गांव के आधे से अधिक घर जल जमाव की चपेट में हैं। सड़कों पर दूषित पानी भरा पड़ा है। घुटना पर पानी में लोग चलने को मजबूर हैं। प्रदूषित पानी से सडांध की बू आ रही है। गांव में महामारी की आशंका से लोग भयाक्रांत हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि सड़क अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की वजह से यह स्थिति उतपन्न हुई है। लोगों का कहना है कि उक्त समस्या से निदान के लिए प्रशासनिक पदाधिकारियो के अलावा स्थानीय मुखिया से गुहार लगाई गई बावजूद इसके स्थिति यथावत है। इस सम्बंध में मुखिया अशोक सिंह ने बताया कि जल निकासी का अस्थायी प्रयास किया गया। लेकिन सफलता नही मिली। बरसात बाद उन्होंने जल निकासी का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया है।