
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। स्थानीय स्टेशन रोड में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण में बरती जा रही अनियमितता को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटिया निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की अनदेखी से नाराज लोगों ने न केवल कड़ा विरोध जताया, बल्कि मौके पर चल रहे काम को भी रुकवा दिया। बता दें कि मढ़ौरा स्टेशन रोड का निर्माण बुडको द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी प्राक्कलन राशि लगभग 93 लाख रुपए की है।

बिना सोलिंग के ही की जा रही थी ढलाई :
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले के फर्श पर बिना ईंट की सोलिंग कराए ही सीधे मिट्टी पर बेस व वॉल आरसीसी ढलाई का काम किया जा रहा था। इतना ही नहीं, नाले की मजबूती के लिए लगाए जा रहे लोहे के रॉड (छड़) की मात्रा में भी भारी कटौती की जा रही थी और उसे बेहद लापरवाही से बिछाया गया था।बताया जा रहा है कि आठ के जगह चार ही छड़ सीधी लाइन में बांधी गई थी। लोगों ने कहा कि इस तरह के निर्माण से नाला पहली बरसात भी नहीं झेल पाएगा। वहीं बिना अतिक्रमण हटाएं ही टेढ़े मेढ़े ढंग से नाला निर्माण कार्य किया जा रहा है। साथ ही समतलीकरण भी ठीक से नहीं किया जा रहा है। कई तरह के शिकायतों को लेकर लोग आक्रोशित थे।
विरोध के बाद हटाई गई सामग्री :
हंगामे की स्थिति को देखते हुए कार्यस्थल पर मौजूद मुंशी छोटू कुमार और संजय कुमार ने आनन-फानन में मिट्टी पर बिछाए गए लुंज-पुंज लोहे के रॉड को वहां से हटा लिया। विरोध करने वालों में मुख्य रूप से सूरज कुमार, मिंटू उपाध्याय, अखिलेश कुमार गुप्ता सहित दर्जनों स्थानीय लोग शामिल थे। लोगों ने स्पष्ट किया कि मानक के अनुरूप कार्य शुरू नहीं होने से निर्माण कार्य काफी कमजोर हो रहा है। वही संवेदक समरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुंशी के लापरवाही से ऐसी शिकायतें मिली है, कमियों को दुरुस्त करके ही निर्माण कार्य किया जाएगा।
क्या कहते हैं विभागीय अभियंता :
इस संबंध में बुडको के मुख्य अभियंता आनंद मोहन सिंह ने बताया कि संवेदक (ठेकेदार) द्वारा कार्य शुरू किए जाने की आधिकारिक सूचना विभाग को नहीं दी गई थी। उन्हें सिर्फ यह बताया गया था कि खुदाई वाले गड्ढे में बारिश का पानी भर गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की जांच कर खामियों को तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा। मानकों से समझौता करने वाले संवेदक पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




Recent Comments