चनपटिया (पश्चिम चंपारण): खरग पोखरिया पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लंगट शुक्ल टोला में ‘शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी’ का सफल आयोजन किया गया। ‘हमारा बच्चा-हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर आधारित इस बैठक में अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमितेश कुमार ने शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए घर और स्कूल का समन्वय अनिवार्य है। इस अवसर पर पिछले माह के ‘बेस्ट परफॉर्मर’ छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय को आश्वस्त किया कि वे बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, स्वच्छता, स्वास्थ्य और अनुशासन के प्रति सजग रहेंगे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी आगंतुकों का भव्य स्वागत किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।