मढ़ौरा (सारण):। स्थानीय ए.एन.एम. स्कूल परिसर में शनिवार को सारण प्रमंडल के क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. सागर दुलाल सिन्हा की सेवानिवृत्ति के उपरांत एक भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने परिसर में पहुंचने पर डॉ. सागर दुलाल सिन्हा का डॉक्टरों व कर्मियों द्वारा फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।

विज्ञापन

आयोजित समारोह कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें स्कूली प्रशिक्षु छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति से मन मुग्ध किया।समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. सिन्हा के लंबे शासकीय सेवाकाल और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की खुलकर सराहना की। सारण के सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। अन्य वक्ताओं ने उनकी कुशल प्रशासनिक कार्यशैली, सौम्य व्यवहार तथा सहकर्मियों के प्रति उनके सहयोगात्मक रवैये को रेखांकित करते हुए उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम के अंतिम चरण में अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार, ए.एन.एम. स्कूल की प्राचार्या शैल्वी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सह अनुमंडलीय अस्पताल प्रबंधक विश्वजीत कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने डॉ. सिन्हा को अंगवस्त्र और आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया। अंत में, उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. सिन्हा के सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की हार्दिक कामना की।