छपरा (सारण)। सारण जिले के छपरा में बिहार का पहला बेटियों का मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवतियों ने अपनी शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। इस ऐतिहासिक और अनूठे आयोजन के गवाह बनने के लिए हजारों की संख्या में महिला-पुरुष पहुंचे।

रोमांचक प्रदर्शन और गूंजी तालियां
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के जोश ने पूरे माहौल को ऊर्जावान बना दिया। जैसे ही बेटियों ने पूरी ताकत और उत्साह के साथ मटकी फोड़ी, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस साहसिक प्रदर्शन ने वहां मौजूद सभी दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

विज्ञापन

दिग्गजों ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आरएसएस के प्रांत प्रचारक रविशंकर जी, अतिरिक्त जिला जज निशांत कुमार प्रियदर्शी, शिवकुमार मांझी, सतनारायण शर्मा, विजय कुमार सिंह, श्वेतांक राय, पप्पू और कार्यक्रम संयोजक राहुल मेहता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, कविता सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण का संदेश
आयोजकों ने बताया कि इस अनूठे आयोजन का मुख्य उद्देश्य बेटियों की प्रतिभा को मंच देना और समाज में महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश पहुंचाना है। इसका उद्देश्य यह साबित करना था कि यदि बेटियों को उचित अवसर मिले, तो वे हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं और किसी भी चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम हैं। बिहार में अपनी तरह के इस पहले आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।