
घर में पसरा मातम
राजेश उपाध्याय/भेल्दी (सारण)।बिहार के सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के रज्जूपुर गांव में डबरा नदी में डूबने से एक 74 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान रज्जूपुर गांव निवासी वकील सिंह के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन
तीन दिन से थे लापता
मिली जानकारी के अनुसार, वकील सिंह पिछले तीन दिनों से अपने घर से गायब थे। परिजनों ने बताया कि वे कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल पाया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
बुधवार को ग्रामीणों ने डबरा नदी में एक शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत भेल्दी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
वकील सिंह की इस तरह हुई अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। उनके भाई कपिलदेव सिंह, भरत सिंह और भतीजे शैलेश कुमार सिंह व धनविजय सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।




Recent Comments