दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)।नगर क्षेत्र के अनुमंडल कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर एक अनियंत्रित बाइक चालक ने पैदल सड़क पार कर रहे युवक को ठोकर मार दी। ठोकर से स्थानीय अखबार के हॉकर राम विनोद सिंह का 30 वर्षीय पुत्र कल्लू कुमार बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस दौरान बाइक चालक और बाइक पर सवार एक महिला भी गिर कर जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जख्मी को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार उपरांत बुरी तरह से जख्मी हॉकर पुत्र कल्लू कुमार को छपरा रेफर कर दिया। अनुमंडल अस्पताल से छपरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान जख्मी की मौत हो गई। बाइक चालक जख्मी नौतन निवासी रामांकात सिंह का पुत्र अरविन्द सिंह और उनकी पत्नी मीरा देवी की हालत समान्य बताई गई है। हॉकर राम विनोद सिंह के युवा पुत्र की मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है‌‌। परिजनों के रोने से पूरा माहौल गमगीन हो गया।