दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। स्थानीय प्रखंड में मंगलवार को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न स्थानों पर जन सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया.इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना और लंबित मामलों का तेजी से निपटारा करना रहा। अवारी पंचायत के पंचायत सरकार भवन, भावलपुर पंचायत के पंचायत भवन और मढ़ौरा नगर पंचायत के मध्य विद्यालय में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की अच्छी भीड़ देखी गई। अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने सभी शिविरों की सघन निगरानी की और कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
अवारी में अंचलाधिकारी कृष्ण कुमार सौरभ और भावलपुर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर ने शिविर का संचालन संभाला। वहीं, मध्य विद्यालय परिसर में मुख्य पार्षद रूबी सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र और स्वच्छता पदाधिकारी रश्मि समेत कई विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और जीविका दीदियां मौजूद रहीं।इस बार के शिविरों की सबसे खास बात स्वास्थ्य सेवा को जोड़ना रही.टीबी उन्मूलन अभियान के तहत जीविका दीदियों और विकास मित्रों के सहयोग से शिविर स्थल पर ही संदिग्ध मरीजों की टीबी स्क्रीनिंग की गई.
शिविरों में राजस्व, आपूर्ति, बिजली और बाल विकास विभाग से जुड़ी पुरानी शिकायतों के साथ-साथ नए आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए.हालांकि नए आवेदन आने से लंबित मामलों की संख्या सौ के पार पहुंच गई, लेकिन अधिकारियों ने मौके पर ही अधिकांश मामलों के निष्पादन का दावा किया.
शिविर को सफल बनाने में अवारी मुखिया हरेश्वर पासवान, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मीणा अरुण और भावलपुर मुखिया भोलू सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया.