तरैया,(सारण)। बिहार विधानसभा के शून्यकाल के दौरान मंगलवार को याचिका समिति के अध्यक्ष सह तरैया विधायक जनक सिंह ने तरैया बाजार समेत कई बाजारों में जलजमाव की गंभीर समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि सारण जिले के स्टेट हाईवे-104 और स्टेट हाईवे-73 पर स्थित पचौड़र बाजार, पानापुर बाजार, तरैया बाजार, भटौरा और गवन्द्री में मुख्य सड़क किनारे पक्के नाले के अभाव में जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जो कि स्थायी समाधान के लिए सड़क किनारे पक्के नाले का निर्माण जरूरी हैं। इस योजना की प्रशासनिक स्वीकृति वर्ष 2025 से विभाग के पास लंबित है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्टेट हाईवे की सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक बारिश का पानी महीनों से जमा है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यवसायियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देकर नाला निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।