
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। राह चलते महिलाओं से दिनदहारे चेन स्नैचिंग कर पुलिस के नाक में दम कर रखे अंतरजिला गैंग का पुलिस ने खुलासा करने में सफलता प्राप्त की है। मामले में चेन स्नेचिंग से जुड़े सात अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मास्टर माइंड संतोष तिवारी गैंग का काम रोज बाइक से निकलना था। ये सोना के चेन पहनी महिला का पीछा करते थे और मौका मिलते ही चेन स्नेच की घटना को अंजाम देते थे। इनका कार्य क्षेत्र सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर बेगुसराय सहित अन्य कई जिलों में था। पुलिस ने घटना में मढ़ौरा अम्बेदकर पार्क के करीब से स्नैच की गई चेन को भी बरामद किया है। इसके साथ पुलिस ने अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पांच चाकू, दो बाइक और स्मैक की 6.65 ग्राम की पुड़िया बरामद की है। घटना को लेकर ग्रामीण एसपी संजय कुमार ने मढ़ौरा डीएसपी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि लगातार चेन स्नेचिंग की घटना को लेकर डीएसपी 1 नरेश पासवान के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की थी।
अपराध की योजना बनाते पकड़ाए अपराधी :
ग्रामीण एसपी ने बताया कि अनुसंधान के दौरान बीते शनिवार को पुलिस को एक सूचना मिली थी। मढ़ौरा के मुबारकपुर आम बगीचा में कुछ अपराधी जमा होकर अपराध की योजना बना रहे है। सूचना पर गठित एसआईटी ने छापामारी की। छापामारी में सात अपराधी पकड़े गए, इनके पास से दो अवैध कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पांच चाकू और स्मैक बरामद किया गया। एक अपराधी की निशानदेही पर छिनतई का सोना के चेन भी बरामद किया गया है। पूछताछ में अपराधियों ने चेन छिनतई में अपनी संलिप्त को स्वीकार किया है।
गिरफ्तार अपराधी : गिरफ्तार किए गए अपराधियों में सात का नाम शामिल है। इसमें मुजफ्फरपुर, सरैया थाना के बखरा निवासी मन्नू मिश्रा का 21 वर्षीय पुत्र सागर कुमार, वैशाली हाजीपुर के डिग्धी कला निवासी झूलन तिवारी का पुत्र 58 वर्षीय संतोष तिवारी, वैशाली करताहां निवासी पंकज पांडे का 19 वर्षीय पुत्र आसिफ कुमार, वैशाली लालगंज थाना के रसूलपुर निवासी वीरू मिश्रा का 22 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार, बेगूसराय फुलवरिया थाना के सोगराहा निवासी रंधा तिवारी का 19 वर्षीय पुत्र ऋतिक तिवारी, पटना परसा बाजार के यादव चौक निवासी महेंद्र मिश्र का 35 वर्षीय पुत्र छोटू मिश्रा, मधुबनी रहिका निवासी दारा तिवारी का 19 वर्षीय पुत्र विकास कुमार तिवारी का नाम शामिल है।
छापेमारी टीम में मढ़ौरा थानाध्यक्ष पु.नि. अजय कुमार, पु.नि. धनंजय कुमार राय, एएसआई संजीत कुमार 1, एएसआई संजीत कुमार 2, एएसआई विकास कुमार, एएसआई सुमन कुमार, एएसआई पप्पू कुमार राम, सअनि जितेन्द्र कुमार, सअनि अरुण कुमार, सिपाही अभिराज कुमार, पंकज कुमार, हर्षवर्धन कुमार, राजन कुमार बैठा शामिल थे।




Recent Comments