भोजपुरी के जाने माने युवा साहित्यकार व फ़िल्म समीक्षक मनोज भावुक का छपरा में हुआ अभिनन्दन

छपरा : शहर के अंग्रेजी की अग्रणी संस्था रिबेल स्पोकन इंग्लिस में भोजपुरी के जाने माने युवा साहित्यकार,फ़िल्म समीक्षक एवं टेलीविजन पर्सनालिटी मनोज भावुक का अभिनन्दन किया गया। संस्था के निदेशक विक्की आनंद ने मनोज भावुक को शाल और बुक्के देकर सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि मनोज भावुक ने विश्व स्तर पर न सिर्फ भोजपुरी का मान बढ़ाया है बल्कि इस क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है । मनोज के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए विक्की आनंद ने आगे कहा कि भोजपुरी कविता, गीत-गजल, सिनेमा, रंगमंच और टेलीविजन की दुनिया में मनोज भावुक एक बड़ा नाम है। मनोज ज़ी नेटवर्क और टाइम्स नाउ हिंदी जैसे संस्थानों से बतौर लेखक जुड़े रहे हैं। एस्सेल विजन के लिए सारेगामापा जैसे रियालिटी शो भोजपुरी में लिखते रहे हैं और भोजपुरी के लगभग सभी बड़े टेलिविजन चैनलों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। भोजपुरी भाषा के सुप्रसिद्ध कवि, फ़िल्म समीक्षक और विभिन्न विषयों के जानकार मनोज देश-विदेश मुख्यतः अफ्रीका और इंग्लैंड में भोजपुरी की संस्था कायम कर भोजपुरी का परचम लहरा चुके हैं।
इस अवसर पर मनोज ने संस्था के छात्रों को मोटिवेशनल भोजपुरी कविताएं सुनाईं। देश-विदेश का अपना अनुभव साझा किया और कहा कि यह सम्मान अपने घर में पीठ थपथपाने जैसा है। एकल काव्य पाठ के बाद उत्साही बच्चों ने कई रोचक सवाल किये जिसका मनोज ने काव्यमय व गुदगुदाता हुआ जबाब दिया। फिर बच्चों ने अपने क्षेत्र के इस शायर, एंकर और मोटिवेशनल स्पीकर के साथ जमकर सेल्फी लीं और अपनी जिज्ञासाएं शांत की मसलन कैसे लिखें कविता। कैसे फोकस करे पढ़ाई पर। मन को एकाग्रचित कैसे करें।मौके पर संस्था के भंवर किशोर ने मनोज के संस्था में आगमन के लिए आभार व्यक्त किया।