मांझी। दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा मठिया में गुरुवार की देर शाम भीषण आग लगने से चार लोगों की झोपड़ियां जल कर राख हो गई। जिसमें रखे अनाज, कपड़े आदि समेत हजारों रुपये मूल्य के सामान जल कर राख हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभा राजभर के घर मे भोजन तैयार हो गया था। परिजन भोजन करने जा रहे थे। तभी एक कोने से झोपड़ी में आग लग गई। आनन-फानन में परिजन निकल कर बाहर भागे और झोपड़ी को बचाने में लग गए। देखते हीं देखते विष्णु राजभर, हरि राजभर व विश्वकर्मा राजभर की झोपड़ियां भी आग के चपेट में आ गई। शोर सुन कर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी मिलने के बाद मुखिया राजीव कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह ने मौके पर पहुंच कर अगलगी की घटना की जानकारी ली। वहीं मांझी सीओ व दाउदपुर थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया।