दैनिक खोज खबर/डुमरांव (बक्सर)। फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब, अर्जुनपुर (डुमरांव) द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बिहार पुलिस क्रिकेट टीम ने गाजीपुर (बलिया) की टीम को 14 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ ₹51,000 का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

ऐतिहासिक अर्जुनपुर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में बिहार पुलिस के कप्तान एवं रणजी खिलाड़ी अभिषेक सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 10 ओवरों में बिहार पुलिस की टीम ने 94 रन बनाए। टीम की ओर से हिमांशु ने 20, सुमित ने 18 तथा विराट ने 15 रनों का योगदान दिया।

95 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर (बलिया) की टीम 80 रन पर ऑलआउट हो गई। गाजीपुर की ओर से चंदन ने सर्वाधिक 32 रन बनाए।

बिहार पुलिस की ओर से राजेश मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। शहनवाज ने 3 तथा सोनू आर्चर ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

राजेश मिश्रा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें फाइनल का मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान बक्सर मुफस्सिल थाना के प्रभारी (SHO) शम्भू कुमार ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया। बिहार पुलिस टीम की शानदार जीत पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल रहा।