बारात आने से पहले घर जलकर राख

एक चिंगारी से सबकुछ कर दिया स्वाहा

सोनपुर। सोनपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर पंचायत के सेमरा में शनिवार रात दो झोपड़ी नुमा घर व एक दुकान में आग लग गई। इस घटना के बाद वहां चीख पुकार मच गई। आग की लपट ने देखते ही देखते कुछ ही समय में दोनों घर को अपने आगोश में ले लिया। वहीं, दुकान का आधा हिस्सा भी जल गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में कालीका महतो तथा बाबूलाल महतो का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं, जनरल स्टोर दुकानदार दिनेश मिश्र के दुकान का आधा हिस्सा जल गया। सारा सामान नष्ट हो जाने को लेकर शादी को टाल दिया गया। शादी को लेकर घर में मेहमान भी पहुंच चुके थे।
कालीका महतो की बेटी आरती कुमारी की बारात जिला के कोठिया नाराव से रविवार को आने वाली थी। इसी बीच यह घटना घटित हो गई। झोपड़ी नुमा घर में आग लगने के बाद एक के बाद एक सिलेंडर ब्लास्ट होने लगे। इस क्रम में बंधे मवेशी भी झुलस कर मर गए। पीड़ित ने बताया कि बेटी की शादी में देने के लिए चारपाई, पलंग, कुर्सी, टेबल सहित कई सामान खरीद कर घर में रखा हुआ था। आग में सब जलकर राख हो गया। आग की भयावहता इतनी थी कि घर के पास बंद तीन बकरिया भी झुलस कर मर गई। घर वालों ने बताया कि इसका के कारण फिलहाल शादी को टाल दिया गया हैं। घरवाले रो-रोकर बता रहे थे की अब बेटी की शादी कि चिंता सता रही है। दुख की इस घड़ी में प्रशासन हमारी मदद करें। अगलगी को लेकर बेटी की शादी टाला गया। इस कारुणिक दृश्य देख उपस्थित लोग की आंख भी नम हो रही थी। उपस्थित लोगों ने बताया कि गत 20 दिन पूर्व एक हादसे में गृह स्वामी काली का महतो के पुत्र की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद लग रहा था जैसे कालीका महतो का पूरा परिवार ही उजड़ गया। मृतक के 3 पुत्र व दो पुत्रियां थी। परिवार वाले अभी इस सदमा से उबर ही रहे थे कि यह अगलगी की घटना घटित हो गई। इसे लेकर शादी को भी टालना पड़ा।