बांसवारी में लगी आग, बुझाने गए वृद्ध की जलकर मौत
छपरा : जिले के तरैया थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत के शीतलपुर गांव की बांसवाड़ी में लगी आग बुझाने के दौरान एक वृद्ध की झुलस कर मौत हो गई। मृतक की पहचान माधोपुर छोटा गांव निवासी 55 वर्षीय देव नारायण पंडित के रूप में की गई।
माधोपुर के मुखिया सुशील कुमार सिंह व परिजनों ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर खेत के बगल में स्थित बांसवाड़ी में आग लगी थी। देव नारायण पंडित ने उसे अकेले ही बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी क्रम में झुलसने से उनकी मौत हो गई। रात में घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका पता नहीं चला। ग्रामीण सुबह में शौच को निकले तो शव पर नजर पड़ी। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। थाने में मृतक के भाई मेघनाथ पंडित ने एक यूडी केस दर्ज कराई। देवनारायण पंडित राजमिस्त्री का काम करते थे। पत्नी दीपन देवी, पुत्री मीना देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




Recent Comments