
मांझी। बनवार-साधपुर से चमरहियां तक जाने वाली सड़क की स्थिति दिनोदिन काफी जर्जर व भयावह होती जा रही है। आखिर कब तक जान जोखिम में डाल कर इस सड़क से यात्रा करने को मजबूर होंगे। यह सवाल सबकी जुबां पर है। सड़क पर बने सैकड़ों गड्ढे दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। साधपुर छतर, बलेसरा, पिलुई, कोहड़ा बाजार, नसीरा समेत कई जगहों पर सड़क की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि यात्रियों व वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रतिदिन कोई न कोई हादसा होने से लोग गिर कर घायल हो रहे हैं। तारकेश्वर पूरी, परवेज आलम, राम वचन सिंह, अनिकेत कुमार सिंह, मंसूर अंसारी, राजेश प्रसाद आदि क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। चमरहिया गांव के कई लोगों ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि छपरा जाने के लिए अपना रास्ता बदल दिया है। वे 5 किलो मीटर अधिक दूरी तय कर एकमा होकर छपरा जाने को मजबूर हैं। विभागीय पदाधिकारी सिर्फ आश्वसन दे रहे हैं। बता दें कि इसी वर्ष विगत फरवरी माह में सड़क के नवीनीकरण के लिए पूर्व स्थानीय विधायक विजय शंकर दुबे ने शिलान्यास किया था। मगर अभी तक नवीनीकरण का कार्य शुरू नही होने से लोगों में मायूसी है।




Recent Comments