मांझी (सारण)। गुरुवार को स्पेशल ट्रेन से माँझी पहुँचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक सी वी रमन ने माँझी में बन रहे नए रेलपुल के निर्माण में विलम्ब होने पर गहरी नाराजगी प्रकट की तथा रेलपुल से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों को फटकार लगाई। मौके पर मौजूद रेलवे के पदाधिकारियों से उन्होंने रेलपुल निर्माण में विलम्ब होने के कारणों की गहराई से पड़ताल की तथा सरयू नदी के दक्षिणी भाग में मिट्टी का बांध बनाकर अर्धनिर्मित पाया नम्बर तीन को तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से समय रहते हर हाल में तैयार करने का निर्देश दिया। रेलवे के सीईओ सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ स्पेशल ट्रेन से माँझी पहुँचे महाप्रबंधक माँझी में लगभग 15 मिनट तक रुके तथा उन सभी विकल्पों पर बातचीत की जिन कारणों से रेलपुल के निर्माण में पेंच फंसा हुआ है। माँझी रेलपुल के समीप महाप्रबंधक की विशेष ट्रेन के रुकते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो तथा उत्सुकतावश रेलकर्मियों व संवेदक अवलेश कुमार सिंह से जानकारी ली।