दैनिक खोज खबर/छपरा। जय प्रकाश विश्वविद्यालय के सिनेट हॉल में मनोविज्ञान विभाग के शोधार्थी मनोरंजन पाठक की पीएचडी डिग्री के लिए मौखिक परीक्षा (वाइवा) ऑनलाइन माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा में जयपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. ए.वी.एस. मन्दावत मुख्य वाह्य परीक्षक के रूप में जुड़े। परीक्षा के दौरान शोधार्थी मनोरंजन पाठक ने अपने शोध ग्रंथ पर आधारित एक विस्तृत और प्रभावी प्रस्तुति दी। वाह्य परीक्षक द्वारा विषय से जुड़े कई गहन और जटिल प्रश्न पूछे गए, जिनका शोधार्थी ने पूर्ण आत्मविश्वास के साथ संतोषजनक उत्तर दिया। इसके साथ ही सिनेट हॉल में उपस्थित विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी विषय की प्रासंगिकता पर सवाल किए। शोधार्थी के तार्किक जवाबों से संतुष्ट होकर वाह्य परीक्षक ने उन्हें पीएचडी डिग्री प्रदान करने की अंतिम अनुशंसा कर दी।मनोरंजन पाठक की इस सफलता पर उनके गाइड डॉ. दिनेश बल्लभ ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपाधि उनके चार वर्षों के अथक प्रयास, निष्ठा और कड़े परिश्रम का प्रतिफल है। विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. आशा रानी और पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पूनम सिंह ने इसे विश्वविद्यालय के शोध कार्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

इस शैक्षणिक मील के पत्थर पर डॉ. विवेक तिवारी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. नीलम, डॉ. फिरोज अहमद सहित शोधार्थी लक्ष्मण सिंह, आकाश, अंजलि, प्रियंका, रिंकी, फिरोज अंसारी और प्रकाश पाण्डेय ने उन्हें बधाई दी। मनोरंजन की यह सफलता पूरे मनोविज्ञान विभाग के लिए गौरव का विषय बनी हुई है।