पहलेजाघाट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की उठी मांग

सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के बाकरपुर निवासी रामनाथ सिंह के 30 वर्षीय पुत्र डॉ रंजन कुमार के गंगा नदी में डूबने से हुई मौत के बाद शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही उपेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को बाकरपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
मृतक के भाई लवकुश ने बताया कि नेताजी घर आए और परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान समाजसेवी राजीव कुशवाहा, राकेश कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने पहलेजा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने कहा कि पहलेजा घाट पर दक्षिणवाहिनी गंगा में प्रतिदिन और विशेष अवसरों पर लाखों श्रद्धालु स्नान करने आते हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से घाट पर स्थायी रूप से एसडीआरएफ टीम की तैनाती, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था, पर्याप्त लाइटिंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस पर पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया। मृतक के भाई लव कुश ने बताया कि रंजन कुमार मंगलवार को गांव की एक पड़ोसी वृद्ध के दाह संस्कार में पहलेजा घाट गए थे। दाह संस्कार के बाद वह गंगा नदी में स्नान करने उतरे, इसी दौरान पैर फिसलने/संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों द्वारा काफी खोजबीन के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पटना पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रंजन कुमार का शादी 3 साल पूर्व हुई थी इसका एक छोटा सा मासूम पुत्र है पिता रामनाथ सिंह किसान है जबकि वह स्वयं ग्रामीण चिकित्सक के कार्य करते हैं. समाजसेवी राजीव कुशवाहा ने बताया कि युवक की असामयिक मौत से परिवार जनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।