परवेज अख्तर/सीवान। पचरूखी थाना क्षेत्र के पचरुखी बाजार स्थित एक घर से शनिवार की देर शाम गायब नवजात बच्ची का शव रविवार की अलसुबह बाजार से स्थानीय लोगों ने बरामद किया। नवजात बच्ची का शव मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई। हालांकि स्वजन किसी पर शिकायत करने से इन्कार कर शव को अपने साथ लेकर चले गए। मृत नवजात बच्ची पचरूखी बाजार निवासी विक्की कुमार की पांच दिन की पुत्री थी। स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार विक्की कुमार की नवजात बच्ची घर पर थी। इसी दौरान शनिवार की देर शाम वह गायब हो गई। स्वजनों ने काफी खोजबीन करने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने भी जांच शुरू की। रात भर बच्ची की खोज की गई लेकिन वह कही भी नहीं मिली। रविवार की सुबह बाजार से ही बच्ची का शव बरामद हुआ। इस संबंध में पचरूखी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पांच दिन की बच्ची शनिवार की शाम से गायब थी। रविवार की सुबह उसका शव बरामद हुआ। स्वजनों ने आवेदन देने से इन्कार कर दिया है।