नौतन में मुखिया से मांगी बीस लाख की रंगदारी, नहीं देने पर मारने की धमकी
#परवेज अख़्तर/सिवान;
नौतन ( सिवान ) :- नौतन थाना क्षेत्र के एक मुखिया से स्पीड पोस्ट द्वारा चिट्ठी भेजकर बीस लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है तथा रुपया नहीं देने की स्थिति में मुखिया के भाई उसके पुत्र और मुखिया को जान से मारने की धमकी दी गई है । बता दें कि थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी शंभू नाथ सिंह ग्राम पंचायत राज खलवाँ के मुखिया हैं । उनसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से रंगदारी की मांग की गई है । पत्र 18 जून 2019 को लिखा गया है, जिसमें मुखिया शंभू नाथ सिंह से बीस लाख रुपये की मांग की गई है । इसके लिए 15 दिन का समय दिया जा रहा है । निश्चित अवधि में पैसा नहीं दिये जाने की स्थिति में मुखिया के भाई जो शिक्षक हैं उन्हें या उनके लड़के को जान से मार देने की बात कही गई है । इसके बाद तीस लाख रूपए की मांग की जाएगी, जिसके लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा । अगर 15 दिन में भी तीस लाख रुपये नहीं दिये गए तो मुखिया के लड़के को भी जान से मार दिया जाएगा । उसके बाद फिर चालीस लाख रुपये की मांग की जाएगी, जिसके लिए 10 दिन का समय दिया जाएगा । 10 दिन में पैसा नहीं दिए जाने की स्थिति में मुखिया को जान से मार दिया जाएगा । इसके अलावा उसमें मुखिया से किसी भी तरह की चालाकी नहीं करने की बात कही गई है । इसके साथ ही 1 जुलाई से मुखिया के इर्द-गिर्द उसके आदमी लगाने की बात भी की गई है । गौरतलब है कि 2016 में भी शाहपुर नहर पुल के समीप हथियारबंद अपराधियों ने शंभूनाथ सिंह के पुत्र को अगवा करने का प्रयास किया था । शोर मचाने पर अपराधी उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो गए थे । वहीं इस रंगदारी एवं जान से मारने की बात से मुखिया का पूरा परिवार दहशत में है । इस सम्बंध में थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल से संपर्क किया गया तो उन्हों ने बताया कि आवेदन मिला है मामले की छान बिन की जा रही है




Recent Comments