नोजल मैन से लूट मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी

✍️परवेज अख्तर/सिवान;
आंदर (सिवान) : थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर आर्यन पेट्रोल पंप पर मैनेजर दीनानाथ प्रसाद से सोमवार की शाम अपराधियों ने मारपीट कर 62 हजार रुपए की लूट की थी। इस मामले में मंगलवार की सुबह आंदर थाना के भरौली गांव निवासी नोजल मैन सत्येंद्र सिंह ने अपने फर्द बयान पर अज्ञात तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम पेट्रोल पंप बंद करने के समय काउंटर पर बैठे मैनेजर दीनानाथ प्रसाद हिसाब कर रहे थे। उसी समय एक बाइक पर सवार तीन अपराधी आए और तेल भरवाने की बात कहते हुए नोजल मैन सत्येंद्र सिंह के कनपट्टी पर पिस्तौल तान दिया तथा काउंटर पर ले जाकर मैनेजर दीनानाथ की भी पिटाई की तथा चाभी लेकर काउंटर में रखा हुआ 42 हजार एवं नोजल मैन से 20 हजार लूट लिए। उसके बाद सबूत मिटाने के लिए लगे हुए सीसी कैमरा को क्षतिग्रस्त कर दिया और सीडी को भी लेकर फरार हो गए। हल्ला हंगामा करने के बाद लोग इकट्ठा हो गए। उसके बाद घायल दीनानाथ प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी नोजल मैंन ने पेट्रोल पंप मालिक को दी। पंप मालिक राहुल कीर्ति ने इसकी सूचना डीआइजी को दी। डीआइजी के निर्देश पर एसपी नवीनचंद्र झा ने एसडीपीओ, आंदर थाना एवं जीरादेई थाना को घटनास्थल पर भेजा। इसके बाद लगभग 11 बजे एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
अपराधियों ने दूसरी बार बनाया पेट्रोल पंप को निशाना :
अपराधियों ने ठीक दो साल पर आंदर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर आर्यन पेट्रोलपंप को दूसरी बार निशाना बनाया है। बता दें कि इस पेट्रोल पंप में पहली बार 15 सितंबर 2017 में नोजल मैन जनार्दन यादव को चाकू मार 80 हजार रुपए की लूट को अपराधियों ने अंजाम दिया था। उस लूट कांड में भी पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। ठीक दो साल बाद अपराधियों ने लूट की दूसरी घटना को अंजाम दिया है। बता दें कि थाना क्षेत्र में एक माह के अंदर अपराधियों ने चार घटनाओं को दिया अंजाम, दिया है और पुलिस को किसी भी घटना में सफलता हासिल नहीं हुई है।