देश के प्रथम श्रेणी के ओपेन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सारण ने ओवर ऑल चैम्पियन का खिताब किया अपने नाम

छपरा. जमालपुर के डीजल शेड में आयोजित देश के प्रथम श्रेणी के ओपेन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सारण ने ओवर ऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया. वहीं सारण की ही अंजलि को बेस्ट एथलीट की उपाधि प्राप्त हुई. सारण की 30 सदस्यीय टीम ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में कुल 42 मेडल झटके. जिले की इस खिताबी जीत पर एथलीट और खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह का माहौल है. ज्ञात हो कि जमालपुर के डीजल शेड में सात से नौ फरवरी तक 16 वीं ओपेन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया था. उक्त जानकारी सारण जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि सारण टीम ने बेहतर प्रदर्शन की बदौलत विगत 12 वर्षों की अपनी परंपरा को बरकरार रखा. उन्होंने बताया कि सारण लगातार 12 साल से इस प्रतियोगिता का ओवर आल चैम्पियन होता आ रहा है. उन्होंने बताया कि सारण की अंजलि कुमारी ने 15 सौ मीटर रेस में, मोनी कुमारी ने डिस्कस थ्रो और शॉटपुट में, चंदा कुमारी ने चार और आठ सौ रेस में आदिती कुमारी ने सौ और दो सौ मीटर रेस में जबकि राकेश कुमार, रफीक हैदर व राजेश ने शॉटपुट व डिस्कस थ्रो में, श्रीकांत सिंह ने जेवलीन थ्रो तथा रवि कुमार ने सौ व दो सौ मीटर रेस में प्लेस लगाया. टीम मैनेजर के रूप में श्यामदेव सिंह और कोच के रूप में राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बेहतर भूमिका निभाया. सारण की उपलब्धि पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व उपसभापति सलीम परवेज, अमित सौरभ, मुकेश कुमार, संजय सिंह आदि ने बधाई दिया है.