मांझी(सारण)। लॉकडाउन के बीच प्रशासनिक सहमति मिलने के बाद प्रखंड के कोहड़ा बाजार में शनिवार की रात दूल्हा उसके परिजन समेत मात्र 15 की संख्या में बाराती पहुंचे और सादे समारोह में शादी की रश्म पूरी हुई। जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का हर सम्भव ख्याल रखा गया। इस शादी समारोह में न तो निमंत्रण पत्र बांटा गया, न बैंड बजा और न लाउड स्पीकर ही लगाया गया। शांतिपूर्ण माहौल में सब कुछ सम्पन्न हुआ। बता दें कि बनियापुर प्रखंड के मनिकपुरा गांव से सुदामा प्रसाद के पुत्र पुनित कुमार की बारात कोहड़ा निवासी महेंद्र प्रसाद व बेदामो देवी की पुत्री गुड़िया कुमारी के लिए आई थी। दरवाजे पर द्वार-पूजा के बाद मुहल्ले की महिलाओं के मंगल-गीत के बीच आचार्य वरुण पांडेय ने मड़वा में मास्क लगा कर बैठे वर पुनित व कन्या गुड़िया की विधिवत विवाह की रश्म को पूरा कराया। रालोसपा नेता ओम प्रकाश कुशवाहा के पहल पर बिना फिजूलखर्ची के आयोजित इस सादे शादी समारोह की लोगों ने सराहना की। इस दौरान श्री कुशवाहा ने बरातियों के बीच मास्क वितरित कर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कोरोना वायरस के प्रकोप से बचने की अपील की। मौके पर सरपंच राज कुमार राय, डॉ. जमीर, जितेंद्र प्रसाद, उमेश सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद, कृष्णा साह, राम लखन प्रसाद, रमाकांत प्रसाद, मनोज प्रसाद, अवधेश प्रसाद आदि मौजूद थे।