एकमा थानाध्यक्ष बनकर की छापेमारी,फिर ले गये बकरी

रसूलपुर/एकमा-नकली पुलिस की कारगुजारियों के किस्से तो बहुत सुने होंगे पर एकमा थाना क्षेत्र के परसा रोड़ स्थित दलित बस्ती में एक नया मामला उजागर हुआ है जिसे सुनकर असली पुलिस भी हतप्रभ है।सोमवार की देर रात्रि परसा रोड स्थित दलित बस्ती में एक गाड़ी खड़ी होती है और उसपर सवार लोग पुलिस बनकर लालमोहर राम के घर दस्तक देते हुए घर का दरवाजा खटखटाते हैं और अपने को एकमा थानाध्यक्ष बताते हुए पहले तो शराब होने के नाम पर घर की तलाशी लेते हैं फिर जाते वक्त उनकी बकरी भी ले जाते हैं,फिर नकली पुलिस ने बगल के मोतीलाल राम का दरवाजा खटखटाया पर किसी ने भी जब दरवाजा नहीं खोला तो दरवाजे को तोड़ने का असफल प्रयास किया।मंगलवार की सुबह पीड़ित लालमोहर ने एकमा थाना पहुँच कर पुलिस को इस बाबत जानकारी दी तो पुलिस भी हतप्रभ हो गयी। पुलिस ने मौके पर पहुँच स्थिति का जायजा लिया और तहकीकात में जूट गयी।स्थानीय लोगों का मानना है कि नया साल का आगमन है और पिकनिक मनाने के लिए शरारती तत्वों ने शरारत की है।

फोटो : जांच में पहुँची पुलिस,बकरी के बच्चे को खिलाता पीड़ित लालमोहर और टूटे दरवाजे दिखाता मोतीलाल राम