दैनिक खोज खबर/छपरा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, छपरा सेवा केंद्र द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए आयोजित तीन दिवसीय संस्कार समर कैम्प का सोमवार को भव्य समापन हो गया। इस समापन समारोह में लगभग 60 बच्चों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक ध्यान एवं प्रार्थना से हुई, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इस अवसर पर सेवा केंद्र की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए बताया कि ध्यान के माध्यम से मन को शांत और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। बच्चों को परमात्मा शिव बाबा से संबंध जोड़कर जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन और आत्मविश्वास पैदा करने की प्रेरणा दी गई। शिविर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बीके प्रियांशु बहन ने बताया कि तीन दिनों तक चले इस कैम्प में बच्चों को नेतृत्व क्षमता, योग और सकारात्मक सोच का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान आयोजित विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, बीके अरविंद भाई ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परमात्मा के ज्ञान और योग से मिलने वाली शक्तियों के सहारे जीवन की हर चुनौती का सामना विवेक के साथ किया जा सकता है। अभिभावकों ने इस आयोजन को बेहद उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे संस्कार आधारित शिविर आयोजित करने की मांग की। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके प्रिया, बीके अर्जुन, बीके अनुराग और बीके आराध्य सहित कई भाई-बहनों का सराहनीय योगदान रहा।