दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। प्रखंड क्षेत्र के लेरुआं पाण्डेय टोला स्थित मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले अखंड अष्टयाम को लेकर मंगलवार को एक भव्य कलश निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं द्वारा भगवान के जयकारे लगाने से पूरा माहौल भक्तिमय रहा। कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर शिवगंज होते हुए ऐतिहासिक शिल्हौरी मंदिर परिसर पहुंची। वहां स्थित पवित्र सरोवर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कराई गई और श्रद्धालुओं के कलशों में पवित्र जल भरवाया गया। जल भरने के बाद सभी श्रद्धालु मुख्य मार्ग से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किया गया। इसके साथ ही अखंड अष्टयाम महायज्ञ की शुरुआत हो गई। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों की गूंज बनी रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अष्टयाम के दौरान लगातार भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम चलेंगे। इस मौके पर पवन ओझा, संजय पाण्डेय, शुभम ओझा, मनीष तिवारी और सोनू तिवारी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।