परवेज अख्तर/सीवान

  • आवेदन मिलने से पूर्व यूपी पुलिस जुट गयी थी कार्रवाई में
  • अपने स्तर से मामले के खुलासे में जुटा

मैरवा. सीमावर्ती बनकटा थाना क्षेत्र के भटवालिया निवासी व मैरवा के प्रसिद्ध होमियोपैथिक चिकित्सा डॉक्टर परमहंस पांडे की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले मामले में उनके पुत्र अरविंद पांडे ने अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. हालांकि यूपी पुलिस आवेदन मिलने से पूर्व ही हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए अपनी कार्यवाही में जुट गयी थी. घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड भेजकर जांच पड़ताल में जुटी हुयी थी. इधर मृत चिकित्सक का दाह संस्कार दरौली सरयू घाट पर शनिवार को किया गया. इधर मैरवा के इस प्रसिद्ध चिकित्सक की हत्या को लेकर शहर के लोग काफी शोकाकुल दिखे. पिछले 40 वर्षों से चिकित्सक द्वारा लोग उनकी परामर्श लेकर स्वस्थ हो रहे थे. यहां बतादें कि शुक्रवार की शाम अपना क्लीनिक बंद कर गांव जा रहे चिकित्सक डॉ परमहंस पांडे को मिश्रौली मोड़ पर बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया. दोनों युवकों ने उनसे कुछ कहा. इसके बाद पिस्टल सटा कर सीने में गोली दाग दी. इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी एक महिला के अनुसार बाइक सवार दो युवकों के अलावे तीन लोग घटनास्थल पर मौजूद थे जो पैदल ही वहां से गोली मारने के बाद खिसक गये. इधर परिजनों का कहना था कि उन्हें किसी से दुश्मनी नहीं और ना ही किसी पर शक हो रहा है परंतु एक चिकित्सक को गोली मारने की घटना सामान्य नहीं है. लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे है. कोई इसे जमीनी विवाद मान तो कोई पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम देने की बात कह रहा है. इस संबंध में थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक डॉक्टर परमहंस पांडे के बड़े पुत्र अरविंद पांडे द्वारा दिए गए आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना की जांच की जा रही है. अपराधियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा.