
- हेल्पलाइन नंबर 06154-242000 व 06154-242001 पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
- आईओसीएल के 8895, एचपीसीएल के 5496 तथा बीपीसीएल के 2933 गैस सिलिंडर है उपलब्ध
परवेज अख्तर/सिवान।जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दाैरान कहा कि घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में विभिन्न प्रकार की अफवाहों के चलते आमलोगों में थोड़ी अनिश्चितता का माहौल बन गया है। जिला प्रशासन लगातार ही गैस वितरक एजेंसी और आयल मार्केटिंग कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि बताया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। वर्तमान समय में आईओसीएल के आठ हजार 895 गैस सिलिंडर उपलब्ध है। वहीं एचपीसीएल के पास पांच हजार 496 तथा बीपीसीएल के पास दो हजार 933 गैस सिलिंडर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह स्टाक प्रतिदिन की जरूरत को पूरा करने के लिए काफी है। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य घरेलू गैस की कृत्रित किल्लत और पेंडेंसी को कम करते हुए सुचारू रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों और स्थानीय एजेंसियों ने इस बात की भी पुष्टि की है कि जिले में घरेलू ईंधन का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। उन्होंने यह भी साफ व स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे उपभोक्ता जिनका र्गैस आपूर्ति का 25 दिन पूरा नहीं हुआ है, वह भी गैस का नंबर लगा रहे हैं और उनको मैसेज भी आ गया हो, वैसे उपभोक्ता पैनिक न करें, क्योकि जबतक 25 दिन पूर्ण नहीं हो जाता है, तबतक तकनीकी कारणों से नई डिलीवरी नहीं दी जा सकेेगी तथा जैसे हीं उपभोक्ता का 25 दिन पूरा होगा, वैसे हीं गैस सिलिंडर की आपूर्ति हो जाएगी।
डीएम ने सदर व महाराजगंज अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनाधिकृत बिक्री पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके लिए जिले में पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर विशेष निगरानी अभियान चलाते हुए गैस एजेंसियों, गोदामों तथा वितरण प्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं एजेंसियों के विरूद्ध तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं आम जनता भी स्वयं अपनी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06154-242000 व 06154-242001 पर दर्ज करा सकते हैं।




Recent Comments