दैनिक खोज खबर/छपरा (सारण)। जिलाधिकारी अमन समीर ने रविवार को बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना द्वारा विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यालय परिचारी पद हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के अवसर पर छपरा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने छपरा सेंट्रल स्कूल, गंगा सिंह कॉलेज सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर विधि व्यवस्था, परीक्षा संचालन की स्वच्छता एवं पारदर्शिता का जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्र परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा कक्षों में सभी परीक्षार्थियों की उचित जांच और निष्पक्ष माहौल में परीक्षा संपन्न कराई जाए।